Dudhwa Tiger Reserve
Dudhwa Tiger Reserve

दुनियाभर में वन्य जीवन के लिए मशहूर दुधवा टाइगर रिजर्व आज यानी 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खुल गया है। यह टाइगर रिजर्व न सिर्फ वन्य जीवन बल्कि अपनी नैचरल ब्यूटी के लिए भी काफी मशहूर है। यह रिजर्व उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में स्थित है और बहराइच तक फैला हुआ है। इस रिजर्व के तहत दुधवा नैशनल पार्क, किशनपुर सैंक्चुअरी और कतरनिया घाट सैंक्चुअरी आती हैं।

दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटकों का बड़ी ही धूमधाम से स्वागत किया जाएगा। दुधवा बेस कैंप पर इस साल एक वेलकम डोर (स्वागत द्वार) बनाया गया है। इसके अलावा नाकवा नल्ला पर भी उनके स्वागत के लिए एक स्पेशल द्वार बनाया गया है। इस टाइगर रिजर्व में टाइगर के अलावा स्लॉथ बीयर, एशियाई काला भालू, गेंडा, हाथी, सुअर, वाइल्ड बीयर जैसे कई जानवर हैं।

दुधवा टाइगर रिजर्व के लिए बुकिंग
दुधवा टाइगर रिजर्व जाने के लिए आपको पहले से ही बुकिंग करानी होगी। पिछले कुछ वक्त से यहां बुकिंग का तरीका बदल गया है। पहले लोग दुधवा टाइगर रिजर्व पहुंचकर बुकिंग करा सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं है। आपको पहले से ही ऑनलाइन बुकिंग करानी होगी। यूपी इको टूरिज्म की वेबसाइट (upecotourism.in) के अलावा आप दुधवा नैशनल पार्क की ऑफिशल वेबसाइट से बुकिंग करा सकते हैं।

बुधवा नैशनल पार्क के बाहर भी काफी देखने लायक चीजें हैं। यहां एक मंडूक यानी मेंढक का मंदिर है, जिसे ओयल (Oyal) के राजाओं ने बनवाया था। इस मंदिर का बेस एक मेंढक की शेप में बना हुआ है। करीब 200 साल पुराना यह मंदिर भगवान शिव को समर्पित है। यहां दिवाली का त्योहार बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है।

दुधवा रिजर्व पार्क की टाइमिंग
यह पार्क हर साल 15 नवंबर से 15 जून तक खुलता है। सर्दियों में यहां सुबह के वक्त 7 बजे से 10 बजे के बीच जाया जा सकता है, वहीं शाम को 3 बजे से 6 बजे के बीच आप यहां जा सकते हैं। वहीं गर्मियों में इस टाइगर रिजर्व में जाने का समय सुबह 6 से 9 बजे तक है, जबकि शाम को 4 से 7 बजे तक।

टाइगर रिजर्व में कैसे घूमें
दुधवा टाइगर रिजर्व में घूमने के लिए आप इसके ऑफिस से कोच या फिर जीप किराए पर ले सकते हैं। हाथी सफारी भी यहां उपलब्ध है। हाथी पर बैठकर पार्क घूमने का मज़ा ही कुछ और है। ऊंचाई पर बैठकर तब आप अच्छी तरह जानवरों और अन्य जीवों को देख सकते हैं।

एंट्री फीस
भारतीयों के लिए एंट्री फीस प्रति व्यक्ति 100 रुपये है, जबकि विदेशी पर्यटकों के लिए प्रति व्यक्ति 300 रुपये है।

कैसे जाएं

  • हवाई यात्रा – अगर फ्लाइट से दुधवा टाइगर रिजर्व जाने का प्लान है तो यहां का नज़दीकी एयरपोर्ट लखनऊ है जोकि पार्क से 238 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
    ट्रेन के ज़रिए- यहां का नज़दीकी रेलवे स्टेशन दुधवा है, जोकि पार्क से 4 किलोमीटर दूर स्थित है।
  • सड़क मार्ग के ज़रिए- यहां का नज़दीकी शहर पलिया है, जोकि लखनऊ से 238 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।