शांति और सुकून देने वाला बीच है गणपतिपुले
मुंबई से 375 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में कोंकण तट के किनारे बसा छोटा सा शहर है गणपतिपुले जो अपने खूबसूरत, शानदार और अनछुए बीचेज के लिए फेमस है। इनमें से गणपतिपुले बीच और आरे-वारे बीच सबसे ज्यादा फेमस है। इस जगह की खासियत यही है कि यहां के बीचेज पर मौजूद समुद्र का पानी अस्थिर नहीं है और मौसम भी सुहावना बना रहता है। ऐसे में आप चाहें तो रेत पर बैठकर आराम से सनबेदिंग कर सकते हैं या फिर अपनी पसंदीदा किताब पढ़ सकते हैं।

शहर की भीड़भाड़ से दूर सुकून के पल
गणपतिपुले में चारों तरफ शांति है और यहां आपको नारियल के ऊंचे-ऊंचे पेड़ और मैनग्रोव्ज मिल जाएंगे जिस वजह से यह जगह बीच पसंद करने वालों के लिए बेस्ट जगह है। खासतौर पर वैसे लोग जो मुंबई और पुणे जैसे शहरों की भीड़भाड़ और भाग-दौड़ से दूर सुकून के कुछ पल बिताना चाहते हैं वे गणपतिपुले आ सकते हैं। अगर आप समुद्र और बीच का भरपूर मजा लेना चाहते हैं तो बीच-फेसिंग रिजॉर्ट या होटल में ठहरें।

कैसे पहुंचे गणपतिपुले?

  • हवाई मार्ग
    गणपतिपुले जाने का प्लान बना रहे हैं तो रत्नागिरी सबसे नजदीकी एयरपोर्ट है जो मुख्य शहर से 17 किलोमीटर दूर है। आप चाहें तो कोल्हापुर एयरपोर्ट तक भी फ्लाइट से आ सकते हैं जो गणपतिपुले से 144 किलोमीटर दूर है। एयरपोर्ट से टैक्सी या कैब के जरिए आप गणपिपुले पहुंच सकते हैं। इसके अलावा आप चाहें तो मुंबई या पुणे तक फ्लाइट से आकर वहां से भी सड़क मार्ग के जरिए गणपतिपुले पहुंच सकते हैं।
  • रेल मार्ग
    गणपतिपुले का अपना को रेलवे स्टेशन नहीं है और नजदीकी रेलवे स्टेशन रत्नागिरी है जो गणपतिपुले से 17 किलोमीटर दूर है। रेलवे स्टेशन से टैक्सी, बस या पब्लिक ट्रांसपोर्ट के जरिए भी बड़ी आसानी से आप मुख्य शहर तक पहुंच सकते हैं। रत्नागिरी महाराष्ट्र का प्रमुख शहर है और यह देशभर के शहरों से रेल मार्ग के जरिए जुड़ा हुआ है और कई ट्रेनें यहां आती हैं।
  • सड़क मार्ग
    मुंबई-गोवा NH17 रोड पर स्थित छोटा सा गांव निवाली से 32 किलोमीटर दूर है गणपतिपुले। मुंबई से 375 किलोमीटर दूर है गणपतिपुले और सड़क मार्ग से यहां तक पहुंचने में 7-8 घंटे का वक्त लगता है और आप माहड़ होते हुए यहां पहुंच सकते हैं। पुणे की बात करें तो पुणे, गणपतिपुले से 331 किलोमीटर दूर है और सतारा होते हुए आप सड़क मार्ग के जरिए पुणे से गणपतिपुले पहुंच सकते हैं। इसके अलावा मुंबई और पुणे से कई बसें भी गणपतिपुले तक चलती हैं।

गणपतिपुले में कहां घूमें?
गणपतिपुले में घूमने और देखने लायक जगहों की बात करें तो गणपतिपुले और आरे-वारे बीच के अलावा मालगुंड बीच भी फेमस है और आप यहां जाकर घंटों वक्त गुजार सकते हैं। इन बीचेज पर वॉटर स्पोर्ट्स ऐक्टिविटीज भी होती है और अगर आप कुछ रोमांचक करना चाहते हैं तो वॉटर ऐक्टिविटीज में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा आप चाहें तो 400 साल पुराने स्वंयभू गणपति मंदिर के दर्शन कर सकते हैं, जयगढ़ का किला और जयगढ़ लाइटहाउस देख सकते हैं। साथ ही शहर में शॉपिंग का मजा भी ले सकते हैं।