Indians To Get Visa Free Entry In Srilanka Soon
Indians To Get Visa Free Entry In Srilanka Soon

श्रीलंका सरकार भारत के पर्यटकों को अपने देश में वीजा फ्री एंट्री देने पर विचार कर रही है। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे ने इसके लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया है जो भारत और चीन समेत कुछ यूरोपीय देशों के पर्यटकों को श्रीलंका में वीजा फ्री एंट्री देने पर स्टडी करेगी। 30 साल के लंबे सैन्य संघर्ष के बाद श्रीलंका में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने पर खासा जोर दिया जा रहा है। श्रीलंका जाने वाले पर्यटकों में सबसे ज्यादा संख्या भारतीय पर्यटकों की होती है।

अक्टूबर में लागू हो सकता है नियम
श्रीलंका के पर्यटन मंत्री जॉन अमरतुंगा के मुताबिक टास्क फोर्स के सुझावों के बाद श्रीलंका में ऑफ सीजन यानि अक्टूबर से नवंबर और मार्च से अप्रैल के बीच यह नियम लागू हो सकता है। इन दो सीजन में भारत और चीन समेत दूसरे यूरोपीय देशों के पर्यटकों को वीजा फ्री एंट्री मिल सकती है। श्रीलंका में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए सरकार काफी प्रयास कर रही है।

भारत से जाते हैं सबसे ज्यादा पर्यटक श्रीलंका
श्रीलंका में 2018 की पहली छमाही में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले पर्यटकों की संख्या में 15.3 फीसदी का इजाफा हुआ है। इसमें सबसे ज्यादा संख्या भारतीय पर्यटकों की है। भारत से सबसे ज्यादा 2.06 लाख पर्यटक श्रीलंका पहुंचे जबकि दूसरा नंबर चीन का है जहां से 1.36 लाख पर्यटकों ने श्रीलंका की यात्रा की। श्रीलंका जाने वाले सभी पर्यटकों को श्रीलंका पहुंचने से पहले इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन करवाना होता है यह श्रीलंका की वीजा वेबसाइट से ऑनलाइन ही होता है। वहीं कुछ देशों को इस नियम से छूट है जिसमें सेशेल्स, मालदीव और सिंगापुर शामिल हैं। इन देशों के पर्यटकों श्रीलंका में फ्री वीजा ऑन अराइवल की सुविधा मिलती है।

अभी वीजा फीस चुकाकर श्रीलंका जाते हैं भारतीय पर्यटक
अगर आप श्रीलंका घूमना चाहते हैं तो आपको श्रीलंका वीजा के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह सारा काम ऑनलाइन होता है और इसमें आधा से एक घंटे का समय लगता है। भारतीय पासपोर्ट धारक श्रीलंका घूमने या बिजनेस के सिलसिले में जा रहे हैं तो उन्हे 20 डॉलर (करीब 1400 रुपए) की वीजा फीस चुकानी होती है। जबकि 12 साल से कम उम्र के बच्चे को श्रीलंका वीजा की जरूरत नहीं होती है। भारतीय पर्यटक अपनी श्रीलंका यात्रा से 60 दिन पहले वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं।