Ziro Valley In Arunachal Pradesh Best Places To Visit
Ziro Valley In Arunachal Pradesh Best Places To Visit

अरुणाचल प्रदेश प्राकृतिक खूबसूरती से भरा हुआ है। यहां कई ऐसे पर्यटन स्थल हैं जो आपको प्रकृति को नजदीक से महसूस करने और शहरी शोर-शराबे से दूर मन को शांति का अनुभव करवाएंगे। ऐसी ही एक जगह यहां की जीरो वैली भी है, जहां आप ग्रुप या सोलो ट्रिप प्लान कर सकते हैं और यकीन मानिए यहां बिताए गए समय को आप कभी भूल नहीं पाएंगे।

टैली घाटी वन्य जीव अभ्यारण्य
टैली घाटी रोमांच पसंद लोगों के लिए परफेक्ट है। यह जगह ट्रेकिंग के लिए फेमस है। टैली घाटी वन्य जीव अभ्यारण्य प्रदेश के जाइरो से करीब 30 किलोमीटर दूर है। इस अभ्यारण्य में वनस्पतियों और जीवों की विशेष किस्म ध्यान आकर्षित करती है। यहां क्लाउडेड तेंदुआ जैसी दुर्लभ प्रजाती के वन्यजीव भी पाए जाते हैं। खास बात यह है कि 337 स्क्वेयर किलोमीटर में फैले इस अभ्यारण्य में से तीन नदियां होकर गुजरती हैं जो यहां का अनुभव यादगार बना देती हैं।

मेघना गुफा मंदिर
मेघना गुफा मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और जीरो के काफी नजदीक स्थित है। इस मंदिर तक पहुंचने के लिए आपको कई सीढ़ियां चढ़नी होंगी, जिसमें करीब 10 मिनट का समय लगेगा। हालांकि, एक बार आप समुद्र तल से 3000 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस 5000 साल पुराने मंदिर और आसपास की खूबसूरत वादियों को देखेंगे तो पूरी थकान दूर हो जाएगी।

अरुणाचल प्रदेश के फेमस टूरिस्ट प्लेसेज की करें सैर

  • जीरो पुटो
    जीरो पुटो (Ziro Puto) एक पहाड़ी है जहां स्वतंत्र भारत का पहला प्रशासनिक केंद्र स्थापित किया गया था। यहां 1960 के दशक में सेना छावनी की स्थापना हुई थी जिस वजह से इसे आर्मी पुटो भी कहा जाता है। इस जगह से आप अपतानी पठार के शानदार दृश्य देख सकते हैं और उन्हें अपने कैमरे में कैद कर सकते हैं।
  • पाइन बाग
    जीरो घाटी का पाइन ग्रोव (Pine Grove) यानी पाइन के पेड़ों का बाग पर्यटकों के बीच मशहूर है। यह जगह पुराने जीरो टाउन से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर है। इस जगह को फटॉग्रफी के लिहाज से बेहतरीन माना जाता है।
  • डोलो-मांडो
    हपोली से 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित डोलो-मांडो ट्रेकर्स के बीच मशहूर है। यहां से आप हापोली और पुराने जीरो इलाके के खूबसूरत नजारे देख सकेंगे। यहां की ताजी हवा और आसपास के नजारे देख आप शांति का अनुभव करेंगे।