ramleela
ramleela

त्यौहारों का मौसम आ चुका है और इसकी रौनक अभी से हर जगह देखने को मिल रही है। घर-बाजार त्यौहार के कारण रंगारंग हो रहे हैं। बुधवार से नवरात्रि शुरू हो रही है। दुर्गा पूजा के अलावा लोगों की रामलीला में भी खासा रुचि है। खासकर, दिल्ली में रामलीला बड़ी धूम-धाम से आयोजित की जाती है। अगर आप दिल्ली में हैं तो रामलीला देखने के लिए इन स्थानों पर जा सकते हैं।

राम लीला मैदान
रामलीला मैदान की रामलीला काफी भव्य होती है। यह दिल्ली के सबसे पुराने जगहों में से एक है जहां रामलीला या रावण दहन होता है। रावण दहन देखने के लिए यहां हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं। रावण दहन पर जब इतनी बड़ी संख्या में लोग भगवान राम के लिए नारे लगाते हैं तो उस आवाज को सुनना काफी रोमांचक होता है।

लाल किला प्रांगण
यहां की रामलीला आपको आपके बचपन की याद दिला देगी। रामलीला के साथ यहां मेला भी लगता है जिसमें तरह-तरह के स्टॉल्स लगते हैं। कपड़ों, जूलरी के स्टॉल्स के अलावा यहां अलग-अलग राज्य के पकवान भी चखने को मिलते हैं। मौज-मस्ती के लिए यहां झूले भी लगाए जाते हैं।

सुभाष मैदान
सुभाष मैदान में हर साल श्री धार्मिक लीला कमिटी द्वारा रामलीला का आयोजन होता है। यह रामलीला के सबसे पुराने आयोजकों में से एक है। यहां आपको कई बड़ी हस्तियां भी रामलीला देखते हुए दिख सकती हैं। इसके अलावा यहां पर स्ट्रीट फूड के स्टॉल्स भी काफी फेमस हैं।

श्रीराम भारतीय कला केंद्र सेंटर
यह सांस्कृतिक संस्थान अपने रामलीला के लिए पूरे शहर में मशहूर है। यहां प्रशिक्षित कलाकार संगीत के साथ रामायण के दृश्य दिखाते हैं। यह संस्थान 1957 से रामलीला का आयोजन कर रहा है। हाल ही में यहां अंग्रेजी में भी रामलीला का मंचन होने लगा है।

SOURCEhttps://navbharattimes.indiatimes.com
Previous articleNavratri 2018: इन शहरों में जाकर देखें नवरात्रि की असली रौनक
Next articleTour and Travel agent in Chinchpokli, Mumbai, Maharashtra