ochhara
ochhara

मध्य प्रदेश में बेतवा नदी के किनारे बसा ओरछा ऐसा ही एक ऐतिहासिक शहर है जिसे 16वीं सदी में बुंदेला राजपूत प्रमुख रुद्र प्रताप ने बसाया था। यहां के दिलचस्प मंदिर और स्मारक आपको उस पुराने समय में लेकर चले जाएंगे जिन्हें अब तक आपने सिर्फ हिस्ट्री की किताबों में पढ़ा होगा।

मध्य प्रदेश, भारत के उन चुनिंदा राज्यों में से एक है जो हर साल बड़ी संख्या में देसी और विदेशी हर तरह के पर्यटकों को अपनी तरफ आकर्षित करता है। यहां की ऐतिहासिक इमारतें, प्राकृतिक खूबसूरती के साथ यहां और भी ऐसी कई जगहें हैं जिसकी खूबसूरती आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। मध्य प्रदेश में ही बेतवा नदी के किनारे बसा ओरछा ऐसा ही एक ऐतिहासिक शहर है जिसे 16वीं सदी में बुंदेला राजपूत प्रमुख रुद्र प्रताप ने बसाया था। यहां के दिलचस्प मंदिर और स्मारक आपको उस पुराने समय में लेकर चले जाएंगे जिन्हें अब तक आपने सिर्फ हिस्ट्री की किताबों में पढ़ा होगा।
यहां हम आपको ओरछा के ऐसे ही कुछ मशहूर और लोकप्रिय जगहों के बारे में बता रहे हैं जहां आप बार-बार जाना चाहेंगे।

जहांगीर महल
ओरछा की सबसे मशहूर जगहों में से एक जहांगीर महल अपनी बनावट के लिए पूरे देश में काफी प्रसिद्ध है। इस महल को मुगल सम्राट जहांगीर के सम्मान में बनाया गया था। ये महल मुगल आर्किटेक्चर का एक अदभुत उदाहरण है।

लक्ष्मी नारायण टेंपल
ये मंदिर किला और मंदिर का एक बेजोड़ और लुभावना मिश्रण है। इसकी दीवारें बड़ी सफाई से खूबसूरत नक्काशियों से सजाई गई हैं जो कि पौराणिक काल के थीम और बनावट को बयां करती हैं।

ओरछा बर्ड सेंचुरी
ओरछा बर्ड सेंचुरी भी टूरिस्ट्स को काफी आकर्षित करता है। इस बर्ड सेंचुरी में तकरीबन 200 तरह की चिड़ियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। ये बर्ड सेंचुरी बेहद खूबसूरत है। यहां के रंग बिरंगे पक्षी टूरिस्ट को काफी लुभाते हैं।

राजा महल
राजा महल उस समय के ओरछा के राजा रुद्र प्रताप का आवास था। हर साल हजारों टूरिस्ट दुनिया के हर कोने से इस भव्य महल को देखने आते हैं। पूरे महल की दीवारों पर सुंदर पेंटिंग की गई है। ये महल अपने आप में स्थापत्य कला का एक शानदार उदाहरण है।

रिवर राफ्टिंग
ओरछा बेतवा नदी के किनारे बसा है ,इस नदी में आप राफ्टिंग भी कर सकते हैं। राफ्टिंग करते हुए पूरे शहर को भी यहां से देख सकते हैं। ये काफी रोमांचक और मजेदार होता है। राफ्टिंग के लिए गर्मी का मौसम बेस्ट है। आप अपनी फैमिली या दोस्तों के साथ आकर यहां राफ्टिंग का आनंद ले सकते हैं।