Enjoy Cruise Rides During Durga Puja
Enjoy Cruise Rides During Durga Puja

सिटी ऑफ जॉय के नाम से मशहूर कोलकाता की दुर्गा पूजा देश ही नहीं बल्कि दुनियाभर में फेमस है और इसे देखने के लिए दूर से दूर सिर्फ श्रद्धालु ही नहीं बल्कि टूरिस्ट भी पहुंचते हैं। अगर आप भी दुर्गा पूजा के दौरान कहीं घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं तो सीधे कोलकाता पहुंच जाइए। सिर्फ मां दुर्गा का आगमन ही नहीं बल्कि इससे जुड़ी कई दूसरी बातों की वजह से भी कोलकाता की दुर्गा पूजा सबसे अलग और फेमस है। कोलकाता में दुर्गा पूजा के दौरान इस बार आप लग्जरी क्रूज की राइड का मजा भी ले सकते हैं।

पश्चिम बंगाल पर्यटन विकास निगम लिमिटेड इस साल भी दुर्गा पूजा के अवसर पर ‘पूजो परिक्रमा’ के नाम से लग्जरी क्रूज राइड की सुविधा सैलानियों को देने जा रहा है। यह सुविधा पिछले साल भी थी और इसके अंतर्गत हुगली में क्रूज राइड की सुविधा सैलानियों को दी गई थी। सैलानियों को दो प्रकार की क्रूज सुविधा मिलेगी। पहली लग्जरी क्रूज की सुविधा और दूसरी विसर्जन देखने के लिए क्रूज की सुविधा।

जानकारी के अनुसार, सभी क्रूज राइड न्यू बाबूघाट जेट्टी से शुरू होंगे। लग्जरी क्रूज पर सैलानी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी लुत्फ उठा पाएंगे। क्रूज राइड के लिए बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। सैलानी सभी बुकिंग ऑनलाइन करा सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए एक 24 घंटे की टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू की गई है। सैलान इस 1800 2121 655 नंबर पर कॉल करके क्रूज राइड से संबंधित जानकारी ले सकते हैं।

मॉर्निंग क्रूज का लुत्फ 5, 6 और 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक उठाया जा सकता है। एक ट्रिप के लिए आपको 1,500 रुपये खर्च करने होंगे। इसमें ट्रिप के दौरान लंच और अन्य टैक्स भी शामिल है। वहीं ईवनिंग क्रूज 5 अक्टूबर, 6, 7 और 8, शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक चलेगा। प्रति ट्रिप यात्रियों को 1,700 रुपये खर्च करने होंगे। इसमें यात्रा के दौरान डिनर और अन्य टैक्स भी शामिल है। जबकि विसर्जन ट्रिप 9 और 10 अक्टूबर को होगा। इसके लिए यात्रियों को 800 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। इस खर्च में स्नैक्स और टैक्स भी शामिल है।