Ice Cream

कुछ साल पहले तक हरदिल अजीज आइसक्रीम का उपयोग सिर्फ और सिर्फ गर्मियों के मौसम में होता था। गर्मियों के अलावा इसे किसी भी दूसरे मौसम में खाने की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी, लेकिन अब वक्त बदल चुका है और आइसक्रीम बड़े शौक से लगभग पूरे साल खाई जाती है। सालों पहले भी आइसक्रीम की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब 1671 में पहली बार ब्रिटेन के शासक चा‌र्ल्स-2 ने आइसक्रीम खाई तो वह इसके स्वाद के इतने दीवाने हो गए कि उन्होंने अपने आइसक्रीम बनाने वाले शेफ को रेसिपी गुप्त रखने के लिए आजीवन पेंशन दी।

अजब-गजब किस्से
अब तो बाजारों में कई फ्लेवर की आइसक्रीम आ गई हैं लेकिन इसके आविष्कार की कहानियां भी कम रोचक नहीं हैं। आइसक्रीम का पहला लिखित रिकॉर्ड सीरिया का है। 1780 ईसा पूर्व पत्थर पर अंकित प्राचीन लिपि के अनुसार मारी के राजा ने एक बर्फ का घर बनवाया था, मजे की बात यह थी कि पहाड़ों से लाकर इस बर्फ के घर में बर्फ जमा दी जाती थी। पर्शियन लोग भी सर्दियों की बर्फ को बर्फ के घरों में सालभर संभालकर रखते थे जिन्हें यखचल नाम दिया गया था। पर्शियन भाषा में यख का मतलब बर्फ तथा चल का मतलब गड्ढा होता था। कहा जाता है कि ये लोग फलों के जूस को इन बर्फ के घरों में जमाकर खाते थे। इसी तरह सिकंदर तथा नीरो भी आइसक्रीम के दीवाने थे। ये शहद तथा फूलों के शर्बत से बनी आइसक्रीम खाते थे। चीन का राजा तेंग दूध से बनी आइसक्रीम खाता था। युवराज झांगहुई के मकबरे में सजी पेंटिंग इस बात के सबूत पुख्ता करती है, जिसमें कुछ महिलाएं आइसक्रीम खा रही हैं। यूरोप में भी (1254-1324) में मार्को पोलो नामक व्यापारी पूर्वी देशों से इसकी रेसिपी को लाया था। फ्रांस के राजा हेनरी-2 का इटली की राजकुमारी से विवाह हुआ तो राजकुमारी अपने साथ जायकेदार आइसक्रीम बनाने वाले शेफ लाई थीं। 1660 में एक कैफे में दूध, क्रीम, मक्खन तथा अंडे को फेंटकर एक नई रेसिपी बनाई गई। एक जानकारी के अनुसार इंग्लैंड की एग्नेस मार्शल ने सन् 1885 से 1894 तक आइसक्रीम रेसिपी पर चार पुस्तकें लिखीं। इस तरह उनकी पुस्तकों के द्वारा आइसक्रीम की प्रसिद्धि चारों ओर फैल गई।

सबको भाए हर दिल छाए
भारत की पारंपरिक मिठाइयों के उलट गुजरात में भोजन के बाद मिठाई के रूप में आइसक्रीम खाना ही पसंद किया जाता है। कहा भी जाता है कि आइसक्रीम इस राज्य का एक बड़ा जुनून है। कुछ साल पहले जब बिल क्लिंटन भारत आए थे तब उन्हें हैवमोर का आम और बर्फी वाली आइसक्रीम बहुत पसंद आई थी।

निराले फ्लेवर भी डिमांड में
पान के पत्तों में लिपटी मसालेदार आइसक्रीम, चांदी के वर्क, आम के गूदे, ताजे अदरक के रस, ड्राईफ्रूट्स, कस्तूरी, खुशबू वाली वोदका, पनीर, मूंगफली, शिमला मिर्च, लालमिर्च, ग्रीन टी और गुलाब की पंखुडि़यों के स्वाद वाली आइसक्रीम की अहमदाबाद में बिकने वाली ये वैरायटीज निश्चित ही आपको चौंका देंगी।

लक्जरी है ये आइसक्रीम
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने हांगकांग से एक वीडियो शेयर किया जिसमें वे एक गोल्ड प्लेटेड आइसक्रीम का लुत्फ उठा रही थीं। इस अनोखे 24 कैरेट गोल्ड प्लेटेड आइसक्रीम में 17 प्रकार के इंग्रीडिएंट्स डाले जाते हैं और 24 कैरेट की गोल्ड प्लेटेड लीफ से इसे कवर किया जाता है। जाहिर है इसे सर्व करने का तरीका भी रॉयल ही रहता है। 1000 रुपए कीमत वाली इस गोल्ड प्लेटेड आइसक्रीम को भारत लाए हैं हूबर एंड हॉली।

कुछ हट के है ये आइसक्रीम
तुर्की की एक स्पेशल आइसक्रीम है जो दूसरी आइसक्रीम की तरह जल्दी से पिघलती नहीं, बल्कि चिपकी रहती है। इसमें चिपकने की खूबी मिलती है इसमें मिलाए जाने वाले ऑर्किड से।

इतनी स्पेशल है आईसक्रीम

  1. जुलाई माह के तीसरे रविवार को मनाया जाता है आइसक्रीम संडे।
  2. आइसक्रीम के प्रशंसक अमेरिका के तीसरे राष्ट्रपति थॉमस जेफरसन की हाथ से लिखी वनीला आइक्रीम की रेसिपी आज भी मौजूद है कांग्रेस ऑफ लाइब्रेरी में।
  3. आइसक्रीम फ्लेवर की रेस में सबसे आगे है वनीला फ्लेवर। जिसके बाद चॉकलेट, स्ट्रॉबेरी वगैरह पसंद किए जाते हैं।
  4. 25000 डॉलर कीमत वाली सेरेंडिपिटी की फ्रोजन हॉट चॉकलेट को सोने की कटोरी में परोसा जाता है साथ ही बेस पर सफेद डायमंड लगे होते हैं।
  5. 60000 डॉलर कीमत की होती है एबसरडिटी संडे। इस आइसक्रीम के साथ मिलता है हॉलिडे पैकेज भी।

फायदे ही फायदे

  1. चाहे शारीरिक थकान हो या बोझिल माहौल, इससे उबारने में आइसक्रीम बहुत सहायक होती है। दूध, शक्कर, मेवों तथा फलों से बनी आइसक्रीम शरीर में ऊर्जा उत्पन्न करती है। इससे शरीर को विटामिन ए,बी,सी,डी तथा मिनरल्स की संपूर्ण खुराक मिलती है।
  2. बिगड़े मूड तथा गुस्सा शांत करने का बेहतरीन उपाय भी है आइसक्रीम।
  3. कैल्शियम से भरपूर होने के कारण इससे हड्डियों को पोषण तो मिलता ही है, मुंह के छालों से भी यह आराम दिलाती है। दांत निकलवाने के बाद डेंटिस्ट आपको आइसक्रीम खाने की सलाह भी देते हैं।

मुंबई, हैदराबाद तथा अहमदाबाद में हैं गोल्ड प्लेटेड आइसक्रीम के स्टोर।

8 दशक से भारतीय जुबान पर राज कर रही है अहमदाबाद की वाडीलाल आइसक्रीम कंपनी।